Advertisement

देहरादून: बुड्ढी गांव में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी हत्या, भाजपा नेता के बाद अब वकील की गोली मारकर हत्या

देहरादून: बुड्ढी गांव में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी हत्या, भाजपा नेता के बाद अब वकील की गोली मारकर हत्या

देहरादून में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। राजधानी के शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है, जो पेशे से अधिवक्ता (वकील) बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल देर रात अपने घर पर भाई के साथ मौजूद था। इसी दौरान कुछ हमलावर सुनियोजित तरीके से वहां पहुंचे और सीधे साहिल को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से साहिल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण साहिल ने दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पटेलनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और शुरुआती जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या कोई पूर्व नियोजित साजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश भी दी जा रही है।

गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले ही देहरादून के बैरागीवाला क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। लगातार दो दिनों में हुई दो बड़ी हत्याओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने कहा है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *