Advertisement

हरिद्वार में अमानवीयता की हदें पार: मानसिक रूप से कमजोर महिला को खंभे से बांधकर पीटा

हरिद्वार में अमानवीयता की हदें पार: मानसिक रूप से कमजोर महिला को खंभे से बांधकर पीटा

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।

पीड़िता के बेटे शुभम पुत्र लखमीचंद की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शुभम के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:40 बजे उनकी मां सुनीता रोज़ की तरह टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान कॉलोनी के कुछ लोगों ने आरोप लगाते हुए कि महिला किसी के घर में घुस गई थी, उसे पकड़ लिया।

आरोप है कि राहुल, इंदर, आशु, नागेश, राकेश और एक अज्ञात महिला ने सुनीता को खंभे से बांधकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं, पिटाई के बाद जान से मारने की धमकी देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही शुभम मौके पर पहुंचे और घायल मां को महिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं है।

रविवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें महिला को खंभे से बंधा हुआ और उसके साथ मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।

कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पांच आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि एक महिला आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

लोगों में गुस्सा, कानून हाथ में लेने पर सवाल

घटना को लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। लोगों का कहना है कि यदि महिला किसी के घर में चली भी गई थी, तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए थी। किसी को खंभे से बांधकर पीटना कानूनन अपराध है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किसने आरोपियों को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *