Advertisement

मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण दुर्घटना: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर कई गाड़ियां जलीं, एक महिला की मौत

मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण दुर्घटना: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर कई गाड़ियां जलीं, एक महिला की मौत

देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर रविवार देर रात रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। कई वाहन आपस में टकरा गए और एक कार में आग लग गई। इस हादसे में कार सवार एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सड़क पर लंबा जाम लगने से यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:20 बजे हरिद्वार की ओर जा रही लेन में एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रहा ट्रैक्टर कार से टकरा गया और उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई और उसमें सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद महिला का शव ट्रक के नीचे फंस गया था। ट्रक का प्रेशर सिस्टम टूट जाने से उसके ब्रेक जाम हो गए और वह सड़क पर ही अटक गया। ट्रक में सीमेंट भरा होने के कारण उसे हटाना बेहद मुश्किल हो गया। पहले जेसीबी और क्रेन की मदद से उसे हटाने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाया जा सका। ट्रक हटने के बाद ही महिला के शव को पूरी तरह बाहर निकाला गया।

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मिलकर सड़क से वाहनों को हटाने और स्थिति को संभालने में मदद की।

हादसे के कारण हरिद्वार से रायवाला तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को सामान्य करने में जुटी रही। अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक हटने के बाद ही यातायात पूरी तरह बहाल हो सका।

राहत कार्य के दौरान एक और बड़ी समस्या सामने आई। फ्लाईओवर की सभी स्ट्रीट लाइटें बंद थीं, जिसके कारण अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना काफी मुश्किल हो गया। पुलिस और राहत दल को घटनास्थल का सही आकलन करने में भी समय लगा। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर की स्ट्रीट लाइटों के नियमित रखरखाव की मांग की है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालक अपने वाहन सड़क पर ही खड़े छोड़कर वहां से भाग गए, जिससे बचाव कार्य में बाधा आई। फायर ब्रिगेड की टीम को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए खुद वाहनों को हटाकर रास्ता बनाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद राहत और बचाव कार्य को आगे बढ़ाया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *