203वीं संचालक मंडल बैठक में कई अहम प्रस्ताव मंजूर, किसानों को आधुनिक तकनीक और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा फोकस
मध्यप्रदेश / भोपाल : मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र को और अधिक आधुनिक, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में एमपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज़ डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने बड़ा निर्णय लिया है। निगम की 203वीं संचालक मंडल बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न विकास गतिविधियों पर 504 करोड़ रुपये खर्च करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह बैठक उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री तथा निगम के अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में एमपी एग्रो कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में कृषि क्षेत्र के विकास, किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, बायो फर्टिलाइजर उत्पादन बढ़ाने और निगम की विभिन्न प्रशासनिक एवं विकास योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाएं
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि एमपी एग्रो लगातार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण कृषि यंत्रों और बेहतर सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ समय पर मिल सके।
कृषि को लाभकारी बनाने पर रहेगा जोर
मंत्री कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश में कृषि को लाभकारी और टिकाऊ बनाने में एमपी एग्रो की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए निगम द्वारा संचालित सभी योजनाओं और विकास कार्यों को किसानों की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
निगम का लाभ बढ़ा, 2 लाख लीटर बायो फर्टिलाइजर बनाने का लक्ष्य
एमपी एग्रो के प्रबंध संचालक अरविंद दुबे ने बैठक में बताया कि निगम ने पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक सकल लाभ अर्जित किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के दौरान निगम ने 2 लाख लीटर बायो फर्टिलाइजर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे जैविक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को गुणवत्तापूर्ण जैव उर्वरक उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
संचालक मंडल की बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इनमें प्रमुख रूप से—
- बाबई (नर्मदापुरम) कृषि फार्म से इंडस्ट्रियल एरिया के लिए रास्ता उपलब्ध कराने का प्रस्ताव।
- फलदार पौधों वाली भूमि को पुनः निगम के कब्जे में लेने का निर्णय।
- संविदा कर्मचारियों की सेवा अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव।
- निगम की आगामी सामान्य सभा (जनरल बॉडी) की बैठक 10 अगस्त 2026 को आयोजित करने का निर्णय।
ये रहे बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में संचालक मंडल की सदस्य सुश्री सिम्मी गुर्जर, सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण जॉन किंग्सली, आयुक्त उद्यानिकी सौरव कुमार सुमन सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं संचालक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।



