Advertisement

टीकमगढ़ को 189 करोड़ की सौगात, CM मोहन यादव बोले- केन-बेतवा परियोजना बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर

72 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, मेडिकल कॉलेज की घोषणा, सिंचाई, शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बड़ा विस्तार

टीकमगढ़।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है और अब यह क्षेत्र तेजी से नए निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली साबित होगी। परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र कृषि उत्पादन के मामले में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ने की क्षमता रखेगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को टीकमगढ़ जिले के खरगापुर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले को 189 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 72 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 102.45 करोड़ रुपये की लागत से बने 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 86.66 करोड़ रुपये की लागत वाले 39 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

टीकमगढ़ में बनेगा अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टीकमगढ़ में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। इसका भूमिपूजन भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।

केन-बेतवा परियोजना से किसानों की बदलेगी तकदीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक पानी की कमी, गरीबी और बेरोजगारी झेलने वाले बुंदेलखंड के लिए केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना वरदान साबित होगी। इस परियोजना से टीकमगढ़ जिले की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी, जिससे किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलेगी और उनकी आय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी होगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 में प्रदेश का सिंचित क्षेत्र मात्र 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर एक करोड़ हेक्टेयर करना है।

रेलवे स्टेशन, सांदीपनि विद्यालय और खेल सुविधाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ को अमृत भारत रेलवे स्टेशन की सुविधा मिली है। इसके साथ ही जतारा और बड़ागांव धसान में आधुनिक सांदीपनि विद्यालय भवनों का निर्माण किया गया है तथा 16 विद्यालयों में विभिन्न निर्माण कार्य पूरे हुए हैं।

युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए हॉकी सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम और बास्केटबॉल कोर्ट का लोकार्पण भी किया गया। वहीं खरगापुर में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सांदीपनि विद्यालय भवन का भूमिपूजन भी किया गया।

संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कार भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ी को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन विद्यालयों का विस्तार किया जा रहा है।

लाड़ली बहना, किसानों और पशुपालकों के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं को बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पशुपालकों को डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत अनुदान दिया जा रहा है। गौशाला संचालन पर प्रति गाय 40 रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से दुग्ध उत्पादकों को दूध का बेहतर मूल्य मिल रहा है। राज्य सरकार मत्स्य उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है।

समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में बढ़ रहा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विवाह, तलाक और वसीयत जैसे विषयों पर समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी धर्मों और समाज के लोगों के समान विकास के लिए कार्य कर रही है तथा प्रदेश के प्रमुख देवस्थलों का भी भव्य विकास किया जा रहा है।

कार्यक्रम को पूर्व मंत्री एवं जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।