Advertisement

कटनी में CM मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं: यूसीसी ड्राफ्ट पर जगदीशपुर में होगी कैबिनेट बैठक, लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर ₹1500

कटनी में दो नए सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण, स्लीमनाबाद टनल परियोजना को किसानों के लिए बताया गेमचेंजर

मध्यप्रदेश / कटनी :

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति मैत्री, समरसता और सर्वजन कल्याण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा का प्रसंग सामाजिक समानता और आत्मीयता का प्रतीक है, जो अमीर-गरीब के भेदभाव को समाप्त कर समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करना भारतीय शिक्षा परंपरा की महान विरासत है और इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार आधुनिक सुविधाओं से युक्त सांदीपनि विद्यालयों का विस्तार कर रही है।

मुख्यमंत्री स्लीमनाबाद (कटनी) में झिंझरी और बहोरीबंद स्थित नए सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

74 करोड़ से अधिक की लागत से बने दो सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री ने झिंझरी और बहोरीबंद में बने दो अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। इनमें—

  • झिंझरी सांदीपनि विद्यालय का निर्माण 38.61 करोड़ रुपये की लागत से हुआ।
  • बहोरीबंद सांदीपनि विद्यालय 35.63 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया।

उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में गुरुकुल परंपरा और आधुनिक डिजिटल शिक्षा का समन्वय किया गया है। यही कारण है कि अब निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी सरकारी सांदीपनि विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं।

मेधावी छात्रों को लैपटॉप और स्कूटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें और साइकिल उपलब्ध करा रही है। बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को लैपटॉप दिए जा रहे हैं, जबकि अपने विद्यालय में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की जा रही है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में इस वर्ष गुरुपूर्णिमा महोत्सव को विशेष रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं, इसलिए विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के लिए “कुलगुरु” संबोधन की परंपरा शुरू की गई है।

स्लीमनाबाद टनल परियोजना से बदलेगी किसानों की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक परियोजनाएं पूरी हो रही हैं। उन्होंने बताया कि स्लीमनाबाद टनल परियोजना बघेलखंड और बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से रीवा, सतना, मैहर, पन्ना और कटनी जिलों में सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र कृषि उत्पादन के मामले में पंजाब और हरियाणा जैसी समृद्ध कृषि व्यवस्था की बराबरी करने की क्षमता हासिल करेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही कटनी में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर स्लीमनाबाद टनल परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा।

केन-बेतवा और पीकेसी परियोजनाओं का भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से दमोह, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, विदिशा सहित कई जिलों के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। वहीं पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना से चंबल और मालवा क्षेत्र के जिलों में सिंचाई और पेयजल की स्थिति मजबूत होगी।

यूसीसी पर बड़ा संकेत, जगदीशपुर में होगी मंत्रिपरिषद की बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश “एक देश, एक विधान, एक निशान और एक कानून” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा के आगामी वर्षाकालीन सत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित विधेयक लाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्षाकालीन सत्र से पहले जगदीशपुर (पूर्व नाम इस्लामनगर) में मंत्रिपरिषद की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें यूसीसी के प्रारूप (ड्राफ्ट) को मंजूरी दी जाएगी।

रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को मिलेंगे 1500 रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि एक बार फिर हस्तांतरित की जाएगी।

कार्यक्रम को सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक संजय पाठक, विधायक वीरेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।