Advertisement

नीट में लगातार असफलता से टूटी 20 वर्षीय छात्रा, फांसी लगाकर दी जान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (NEET) में लगातार सफलता नहीं मिलने से निराश एक 20 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र स्थित आड़ावाल खासपारा में रहने वाली 20 वर्षीय युवती पिछले तीन वर्षों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही थी। वह लगातार परीक्षा में शामिल हो रही थी, लेकिन सफलता हासिल नहीं कर सकी। बताया जा रहा है कि हाल ही में परीक्षा परिणाम आने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात युवती ने परिवार के साथ भोजन किया और देर रात तक अपने लैपटॉप पर परीक्षा परिणाम देख रही थी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

शुक्रवार तड़के जब युवती की मां उसे देखने के लिए उसके कमरे में पहुंचीं तो वह फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *