Advertisement

ओवरटेक विवाद: जातिसूचक टिप्पणी और धमकी के आरोपों में घिरे पूर्व विधायक चैंपियन, पुलिस जांच शुरू

ओवरटेक विवाद: जातिसूचक टिप्पणी और धमकी के आरोपों में घिरे पूर्व विधायक चैंपियन, पुलिस जांच शुरू

खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के प्रयोग, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद की गई है, जो कथित रूप से पूर्व विधायक और एक स्थानीय व्यक्ति के बीच हुई फोन बातचीत से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 22 जून की शाम लक्सर-खानपुर मार्ग पर वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर हुई। पूर्व विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक कार में सवार कुछ लोगों ने तेज गति से वाहन चलाते हुए उनके काफिले को ओवरटेक करने का प्रयास किया, गाली-गलौज की और वाहन को टक्कर भी मारी।

वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी एक वाहन ने उनकी कार को ओवरटेक किया। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि वह वाहन पूर्व विधायक का था। शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले को लेकर फोन पर बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर, पूर्व विधायक की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई है, जिस पर समाचार लिखे जाने तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।

इस बीच, भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी लक्सर कोतवाली पहुंचे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर, पूर्व विधायक चैंपियन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वायरल वीडियो वास्तविक नहीं है और उसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश करार दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *