सिवनी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के धान उत्पादक किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि अब धान की फसल पर भी भावांतर भुगतान योजना का लाभ दिया जाएगा। राज्य सरकार किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और बाजार भाव के बीच के अंतर की राशि का भुगतान करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सोयाबीन के बाद अब धान उत्पादक किसानों को भी भावांतर योजना का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 3,941 किसानों के खातों में कोदो-कुटकी पर प्रति क्विंटल 1,000 रुपये की दर से कुल 2.84 करोड़ रुपये की बोनस राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के अंतर्गत 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता भी जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले को 494 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क निर्माण, छपारा में शासकीय महाविद्यालय, हर विधानसभा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम और नगर वन विकसित करने की भी घोषणा की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के लिए फसल विविधीकरण, पशुपालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दे रही है, ताकि किसानों की आय के नए स्रोत विकसित हो सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गेहूं खरीद का नया रिकॉर्ड बना है और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।



